गुरुवार, 26 अप्रैल 2018

शरद यादव ने बनाया ‘लोकतांत्रिक जनता दल’, 18 मई को होगा पहला सम्मेलन

नयी दिल्ली। नीतीश कुमार के बीजेपी प्रेम से नाराज़ होकर  जनता दल(युनाइटेड) छोड़ने वाले शरद यादव ने नई पार्टी का गठन किया है। नाम है-लोकतांत्रिक जनता दल। इस पार्टी का पहले सम्मेलन 18 मई को दिल्ली के तालकटोरा स्टेडियम में होगा। शरद यादव इन दिनों विपक्ष के चाणक्य बने हुए हैं और 2019 में केंद्र से बीजेपी को हटाने की कोशिशों के प्रमुख रणनीतिकार हैं।
लोकतांत्रिक जनता दल  की ओर से  जारी विज्ञप्ति में कहा  गया है, "देश संविधानिक संकट से गुजर रहा है। लोकतंत्र के चारो खंबे विधायका, कार्यपालिका, न्यायपालिका और पत्रकारिता पर संकट के बादल छा रहे हैं। संविधानिक लोकतंत्र पूर्णतः ध्वस्त होने की स्थिति में है। वर्तमान संसदीय प्रणाली में राजनैतिक दल भी इस संविधानिक संकट और आंतरिक संकट से जूझ रहे हैं। भारत के समाजवादी आन्दोलन का इतिहास देश की आजादी और समतामूलक समाज के निर्माण के साथ शुरू हुआ था और आजादी के पश्चात आजादी आन्दोलन के मूल्यों एवं संविधानिक लोकतंत्र के मूल्यों के प्रति समर्पित रहा है। भारत में समाजवादी आन्दोलन का इतिहास अपने स्थापना काल से ही कई धाराओं के मिलन और बिखराव के दौर से गुजरता रहा है। इसी धारा की अगली कड़ी में 1980 के दशक में विभिन्न धाराओं को मिलाकर जनता दल का निर्माण किया गया था लेकिन जनता दल भी मिलन और बिखराव के दौर से गुजरता रहा है।"
साभार: मीडियाविजिल.कॉम

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you for comment