राज्य सरकार ने कुल सात नये राज्य विश्वविद्यालय भी खोले।
reported by डॉ. शिव दास
लखनऊ। भाजपा की योगी सरकार में धड़ल्ले से निजी शिक्षण संस्थानों का जाल बिछ रहा है। बीते दो वर्षों में उत्तर प्रदेश में 13 निजी विश्वविद्यालय खुले हैं जबकि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कार्यकाल में राज्य सरकार ने महज सात नये राज्य विश्वविद्यालयों की स्थापना की है।
विश्वविद्यालय अनुदान आयोग (यूजीसी) की अधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, 31 मार्च 2024 तक उत्तर प्रदेश में कुल 39 निजी विश्वविद्यालय थे। अब इनकी संख्या बढ़कर 51 हो गई है। हालांकि उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश की अधिकारिक वेबसाइट https://uphed.gov.in/ पर कुल 52 निजी विश्वविद्यालयों की सूची उपलब्ध है।
अगर उत्तर प्रदेश में कुल राज्य विश्वविद्यालयों की बात करें तो यूजीसी के अनुसार 31 मार्च 2024 तक उत्तर प्रदेश में कुल राज्य विश्वविद्यालय की संख्या 36 थी जो अब बढ़कर 43 हो गई है। हालांकि उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश की अधिकारिक वेबसाइट https://uphed.gov.in/ पर 25 राज्य विश्वविद्यालयों की सूची ही मौजूद है जिनमें योगी सरकार के नौ वर्षों के कार्यकाल के दौरान उच्च शिक्षा विभाग उत्तर प्रदेश के अधीन खुले सात नये राज्य विश्वविद्यालयों के नाम भी मौजूद हैं।
इन विश्वविद्यालयों में आजमगढ़ स्थित महाराजा सुहेलदेव राज्य विश्वविद्यालय, अलिगढ़ स्थित राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय, सहारनपुर स्थित मां शकुम्भरी राज्य विश्वविद्यालय, लखनऊ स्थित भातखंडे संस्कृति विश्वविद्यालय, बलरामपुर स्थित मां पटेश्वरी विश्वविद्यालय, मिर्जापुर स्थित मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय और मुरादाबाद स्थित गुरु जम्भेश्वर का नाम शामिल है।
इनके अलावा उत्तर प्रदेश में अन्य 10 उच्च शिक्षण संस्थान विश्वविद्यालय बनने (डिम्ड टु बी यूनिवर्सिटी) की कगार पर हैं जिसमें निजी शिक्षण संस्थान भी शामिल हैं।
यूजीसी के अनुसार 45 निजी विश्वविद्यालय विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अधिनियम, 1956 की धारा-2(एफ) के तहत सूचीबद्ध हैं। विश्वविद्यालय अनुदान आयोग ऐसे विश्वविद्यालयों को वित्तीय सहायता मुहैया कराता है। वहीं, छह निजी विश्वविद्यालय विश्वविद्यालय अनुदान आयोग अधिनियम, 1956 की धारा-2(एफ) और 12(बी) के तहत सूचीबद्ध हैं। यूजीसी ऐसे उच्च शिक्षण संस्थानों को वित्तीय सहायता मुहैया कराने के साथ-साथ केंद्रीय सहायता (यूजीसी ग्रांट) प्राप्त करने के लिए उनकी प्रात्रता सुनिश्चित भी करता है।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
Thank you for comment