बुधवार, 17 दिसंबर 2025

मिट्टी गढ़ने वाला समाज अब राजनीति का भविष्य गढ़ेगाः रामपाल प्रजापति

राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी, भारतीय समता समाज पार्टी और अखिल भारतीय कुम्भकार महासभा फोरम ने एसकेपी इंटर कॉलेज मैदान में संयुक्त रूप से आयोजित किया जन अधिकार रैली।

reported by सत्यम प्रजापति

आजमगढ़। प्रजापति समाज का इतिहास स्वच्छ, सृजनशील और गौरवशाली रहा है। हमें केवल पारंपरिक या किताबी सम्मान नहीं चाहिए, बल्कि सत्ता में वास्तविक राजनीतिक अधिकार चाहिए। जो समाज मिट्टी को गढ़ता है, वही अब राजनीति का भविष्य भी गढ़ेगा।

ये बातें अखिल भारतीय कुम्भकार महासभा फोरम के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल प्रजापति ने गत रविवार को आजमगढ़ स्थित एसकेपी इंटर कॉलेज मैदान में आयोजित जन अधिकार रैली में कही। वह रैली को बतौर मुख्य वक्ता संबोधित कर रहे थे। राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी, भारतीय समता समाज पार्टी और अखिल भारतीय कुम्भकार महासभा फोरम ने संयुक्त रूप से इस रैली का आयोजन किया था। उत्तर प्रदेश ग्राम्य विकास विभाग के पूर्व अपर निदेशक डॉ. वरदानी प्रजापति बतौर मुख्य अतिथि रैली में शामिल हुए।

रैली को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि हमारा समाज अभी राजनीतिक भूमिका में पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पाया है। राजनीति में प्रभावी भागीदारी के लिए राजनीतिक प्रशिक्षण आवश्यक है। हमारा लक्ष्य है कि जनपद से कम से कम दस युवाओं को विशेष राजनीतिक प्रशिक्षण देकर नेतृत्व के लिए तैयार किया जाए। हमें राजनैतिक समाज बनाना है, न कि राजनीतिक पिछलग्गू समाज। 

राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व परिवहन आयुक्त चुन्नी लाल प्रजापति ने अध्यक्षीय उद्बोधन में कहा कि उत्तर प्रदेश में लगभग 4.5 प्रतिशत जनसंख्या होने के बावजूद प्रजापति समाज राजनीतिक रूप से पिछड़ा हुआ है। कुम्हार समाज के लिए राजनीतिक दलों द्वारा टिकट सुनिश्चित किया जाना चाहिए। उन्होंने मिट्टी उद्योग को आवश्यक रूप से सरकारी संरक्षण देने की मांग सरकार से की।

जन अधिकार रैली को संबोधित करते राष्ट्रीय भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष चुन्नी लाल प्रजापति

भारतीय समता समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मोहिन्दर प्रजापति ने भी रैली को संबोधित किया। उन्होंने कहा कि कुम्हार समाज को संख्या के अनुपात में प्रतिनिधित्व मिलना चाहिए। कुम्हार समाज में ओबीसी वर्ग की नेतृत्वकारी शक्ति बनने की क्षमता है।

अखिल भारतीय प्रजापति कुम्भकार महासभा फोरम के प्रदेश अध्यक्ष अनिल कुमार प्रजापति ने कहा कि समाज में होश भी है और जोश भी। प्रजापति समाज प्रथम वैज्ञानिक एवं सभ्यता का प्रतिबिंब रहा है। हमारे समाज के लोगों ने देश-विदेश में अपनी कला और हुनर का परचम लहराया है। लेकिन, आज हमारी कला बिचौलिया राजनीति की शिकार हो गई है।

इस अवसर पर कुम्हार समुदाय पर केंद्रित त्रैमासिक पत्रिका 'प्रजापति चेतना' का विमोचन हुआ। पत्रिका के संपादक सत्यम प्रजापति ने पत्रिका के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि समाज को संगठन के साथ-साथ वैचारिक रूप से सशक्त बनाने की आवश्यकता है। समाज के हाथ में डंडा-झंडा नहीं, बल्कि किताबें होनी चाहिए।

रैली में प्रमुख रूप से बालकिशुन प्रजापति, श्रीकान्त साहू, लालचन्द प्रजापति, डॉ. सुरजीत प्रजापति, पन्नालाल प्रजापति, बद्री, विशाल विश्वकर्मा, जे.डी. मन्सूरी, राजीव रतन चन्द्रा, छितेश्वर प्रजापति, रामलखन, इंजीनियर राजाराम, शेषनाथ, अंजीत, रामकिशुन, एडवोकेट रामअवध प्रजापति, मूलचन्द, राजू, मनोज, राजेश, शिवशंकर प्रधान, चौधरी महेन्द्र, डॉ. संजीव प्रजापति (एडवोकेट), दिनेश प्रजापति (राष्ट्रीय महामंत्री), मनोज प्रजापति, चन्द्रशेखर प्रजापति, इंजीनियर जयराम प्रजापति समेत कुम्हार समुदाय के पांच हजार से ज्यादा लोग शामिल हुए।

रैली में शामिल मंचासीन अतिथियों ने कार्यक्रम की शुरुआत समाज के महापुरुषों की प्रतिमा पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन से किया। जयश्री प्रजापति और उनकी टीम ने गीत के माध्यम से लोगों में जागरुकता पैदा करने की कोशिश की। कार्यक्रम का संचालन मंगेश प्रजापति एवं अम्बिका प्रजापति ने संयुक्त रूप से किया। 

बता दें कि रविवार की सुबह रैली के निरस्त होने की अफवाह भी फैल गई थी। इसके बावजूद रैली में कुम्हार समुदाय के लोग भारी संख्या में शामिल हुए। 


6 टिप्‍पणियां:

  1. प्रजापत समाज की आन बान शान अखिल भारतीय कुंभकार महासभा फोरम के माननीय रामपाल प्रजापति भागीदारी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व उत्तर प्रदेश सरकार प्रथम श्रेणी के रहे अधिकारी श्री चुन्नीलाल जी प्रजापति हम सबके चहेते समाज के गौरव परम आदरणीय डॉक्टर डॉ वरदानी प्रजापति जी प्रदेश अध्यक्ष एवं जुझारू साथी श्री अनिल कुमार प्रजापति जी भारतीय समता समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष आदरणीय मोहंद्रा प्रजापति जी समाज के अन्य नेता गणों द्वारा एवं देव समान सम्मानित जनता जनार्दन द्वारा समाज की एकता और अखंडता के लिए जो ज्योति प्रज्वलित करने का एक सफल प्रयास किया उसके लिए समस्त सम्मानित समाज के व्यक्तियों को तहे दिल से बहुत-बहुत आभार आप लोगों के द्वारा एकता और अखंडत एवं सामाजिक बुराइयों को दूर करने के लिए जो पाठ पढ़ाया एवं राजनीतिक भागीदारी प्राप्त करने के लिए जो आप लोगों ने संकल्प लिया उसके लिए आपको तहे दिल से बहुत-बहुत धन्यवाद बधाई बस केवल और केवल समाज के हमें लीडर बनना है ना किलोडर बड़े-बड़े दलों की हमें गुलामी ना करके अपना स्थान स्वयं बनाना है हमेशा यह समाज ठगा गया है इसलिए वंचित रहा है यही वेदना को दिल में लिए हुए आगरा के आसपास 10-5 जिलों के अंदर हम लोगों ने भी इसी बात का बीड़ा उठायl है कि समाज के साथियों एक हो जाओ एक हो जाओ एक हो जाओ बहुत-बहुत धन्यवाद आपका अपना ही सो बरन सिंह पूर्व टैक्स ऑफिसर एवं संरक्षक/ संयोजक लोकप्रिय राष्ट्रवादी पार्टी🌹🌹🌹🏴󠁧󠁢󠁷󠁬󠁳󠁿🏴󠁧󠁢󠁷󠁬󠁳󠁿🏴󠁧󠁢󠁷󠁬󠁳󠁿🌷🌷🌷🌷💐💐💐💐🌸🌸🌸🌸🙏🙏🙏🙏👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍👍

    जवाब देंहटाएं

Thank you for comment