बुधवार, 24 जून 2020

मैनपुरी में दबंगों ने फूंका कुम्हार का घर, दो वर्षीय मासूम संग तीन की मौत, दो की हालत गंभीर

मृतक राम बहादुर प्रजापति
सैफई के मेडिकल कॉलेज में भर्ती दो की हालत नाजुक। पीड़ित महिला ने सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में आग में झुलसी महिला ने तीन लोगों पर लगाया घर में आग लगाने का आरोप।

वनांचल एक्सप्रेस ब्यूरो

मैनपुरी कोतवाली के माधोनगर गांव में एक सप्ताह पहले दबंगों ने कुम्हार समुदाय के एक घर को फूंक दिया। इसमें दो वर्षीय मासूम समेत पांच लोग गंभीर रूप से झूलस गए। मासूम की उसी दिन मौत हो गई। रविवार को आग में झुलसे एक पुरुष और मंगलवार को एक महिला की मौत हो गई। दोनों पति-पत्नी थे। आग में झुलसी उनकी दोनों बेटियों की हालत नाजुक है। उनका सैफई के मेडिक कॉलेज में इलाज चल रहा है। मामले में दो वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें एक मृतक महिला का बताया जा रहा है। वहीं, दूसरा वीडियो मेडिकल कॉलेज में भर्ती 14 वर्षीय पीड़िता का है जो घर में आग लगाने वाले तीन लोगों का नाम मुरारी, गौरव और संजय बता रही है। 

विभिन्न माध्यमों से मिली जानकारी के मुताबकि माधोनगर खरपरी गांव निवासी राम बहादुर प्रजापति गत 17-18 जून की रात परिवार के साथ घर में सो रहे थे। आरोप है कि गांव के मुरारी कश्यप ने पुरानी रंजिश की वजह से बाहर से दरवाजे की कुंडी बंद कर घर में आग लगा दी। इससे राम बहादुर प्रजापति, उनकी पत्नी सरला देवी, उनकी बेटी संध्या प्रजापति उर्फ रोली ((18 वर्ष) और शिखा प्रजापति (14 वर्ष) समेत उनका दो वर्षीय नाती ऋषि गंभीर रूप से झुलस गए। ऋषि की घटना के दिन ही मौत हो गई। अन्य लोगों को गंभीर रूप में सैफई स्थित मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। वहां रविवार को राम बहादुर प्रजापति ने भी दम तोड़ दिया। मंगलवार को उनकी पत्नी सरला देवी की मौत भी हो गई। मरने से पहले रिकॉर्ड किया गया सरला देवी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। इसमें वह घटना के बारे में बताने की कोशिश कर रही हैं। उनकी बेटी रौली और शिखा का इलाज सैफई के मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। सोशल मीडिया पर शिखा का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है। इसमें वह घर में आग लगाने वाले मुरारी, गौरव और संजय का नाम ले रही है। हालांकि आरोपी दूसरे व्यक्ति का नाम गौरव ही है, यह स्पष्ट नहीं हो पा रहा है।


मामले में पुलिस ने मुरारी कश्यप के नाम से एक एफआईआर दर्ज की है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर जेल भी भेज दिया है। वहीं, अन्य दो आरोपियों गौरव और संजय सिंह के नाम पर पुलिस जांच करने की बात कह रही है। बताया जा रहा है कि संजय सिंह उच्च जाति वर्ग से है। लोगों का यह भी कहना है कि वह मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के समुदाय से है, इसलिए पुलिस उसे बचा रही है। 


वहीं, पुलिस के मुताबिक मुरारी ने घर में आग लगाने का अपराध कुबूल कर लिया है। उसने पुरानी रंजिश की वजह से घटना को अंजाम दिया है। उसकी निशानदेही पर पुलिस ने मिट्टी के तेल लगे कपड़े, एक रस्सी, माचिस आदि सामान बरामद कर लिया है। 


गौर करने वाली बात है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जौनपुर में दलित समुदाय पर हुए हमले के मामले में रासुका के तहत कार्रवाई कर पीड़ितों को न्याय दिलाने की बात करते हैं लेकिन पिछड़ा वर्ग से आने वाले कुम्हार समुदाय के पांच लोगों को जिंदा जला दिए जाने पर खामोशी ओड़े हुए हैं। मेडिकल कॉलेज में मौत के मुहाने पर खड़ी पीड़िता के वीडियो में आरोपियों का नाम सामने आने के बाद भी उन्होंने अभी तक अन्य आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई करने का आदेश मैनपुरी जिला प्रशासन को नहीं दिया है। 

मृतक राम बहादुर प्रजापति

वहीं, समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के मैनपुरी जिलाध्यक्ष विश्वनाथ प्रजापति ने मंगलवार को प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष को पत्र लिखकर पीड़ितों को सहायता धनराशि मुहैया कराने की अनुशंसा की है लेकिन पार्टी की ओर से अभी तक कोई घोषणा नहीं की गई है।

Add caption



कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

Thank you for comment